Faridabad/Alive News: नगर निगम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में बड़ी सफलता हासिल की है। निगम ने व्हाट्सएप के माध्यम से 1 लाख 90 हजार से अधिक संपत्ति मालिकों को अपनी संपत्ति का सेल्फ सर्टिफिकेशन कराने के लिए संदेश भेजा है। वहीं, 2 लाख 28 हजार लोगों को टैक्स जमा कराने के नोटिस भी निगम के ब्लू टिक व्हाट्सएप नंबर से भेजे गए हैं।
नगर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने बताया कि निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में सेल्फ सर्टिफिकेशन का कार्य तेजी से चल रहा है। निगम के कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाकर नागरिकों को संपत्ति का स्वयं सत्यापन कराने और इसके लाभ समझाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी आईडी प्रत्येक संपत्ति की विशिष्ट पहचान है, जिसे जल आपूर्ति, सीवरेज और बिजली कनेक्शन जैसी आवश्यक सेवाओं से जोड़ा जाएगा। स्व-प्रमाणन (सेल्फ सर्टिफिकेशन) से संपत्ति के सटीक विवरण दर्ज होंगे और नागरिकों को नो ड्यूस सर्टिफिकेट प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसके अलावा सरकारी योजनाओं, छूट और ब्याज माफी नीति संबंधी जानकारी भी समय पर मिल सकेगी।
सलोनी शर्मा ने बताया कि नागरिकों को भेजे गए संदेशों के साथ जागरूकता संबंधी वीडियो भी साझा किए गए हैं ताकि लोग स्वयं ऑनलाइन अपनी संपत्ति का प्रमाणन कर सकें। इसके लिए property.ulbharyana.gov.in पोर्टल पर टैक्स भुगतान और प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध है।
नगर निगम के अनुसार वित्त वर्ष 2025 और 26 में अब तक 51.87 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स और 3.90 करोड़ रुपये का फायर टैक्स रिकवर किया जा चुका है। निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने कर विभाग की पूरी टीम को इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह राशि फरीदाबाद के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
उन्होंने बताया कि लगातार नोटिस व संदेश भेजकर बड़े बकायेदारों तक कर विभाग की टीम पहुंच रही है, जिससे नागरिक जागरूक होकर प्रॉपर्टी टैक्स व फायर टैक्स जमा कर रहे हैं। निगम का प्रयास है कि अधिकतम लोग सेल्फ सर्टिफिकेशन कराएं और टैक्स समय पर जमा कर शहर के विकास में भागीदारी निभाएं।

