Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद द्वारा बकायादारों के खिलाफ चलाए जा रहे मेगा सीलिंग अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने विभिन्न जोनों में प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वाले 14 संपत्ति धारकों की संपत्तियों को सील किया। इस दौरान मौके पर ही करीब 7 लाख रुपये की राशि निगम खाते में जमा कराई गई।
नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों पर तथा निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन संपत्ति धारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे।अतिरिक्त आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा एक लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स बकाया रखने वाले संपत्ति धारकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। निगम का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली सुनिश्चित करना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाना है।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान करें, ताकि सीलिंग या किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त राजस्व का उपयोग फरीदाबाद शहर के विकास कार्यों में किया जाता है।
नगर निगम फरीदाबाद शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और राजस्व के मामले में सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। निगम अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी यह अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

