March 7, 2026

नगर निगम फरीदाबाद ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियां कीं तेज

Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद ने स्वच्छ सर्वेक्षण–2026 की तैयारियों को लेकर कवायद तेज कर दी है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय के दिशा-निर्देशों के तहत यह सर्वेक्षण फरवरी 2026 से शुरू होगा।

निगम आयुक्त ने कहा कि इस बार सर्वेक्षण में परिणाम आधारित सेवा वितरण, फील्ड पर सत्यापित प्रदर्शन, नागरिक-केंद्रित सेवाएं, डिजिटल गवर्नेंस और रियल-टाइम डेटा पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता पोर्टल पर उपलब्ध यूएलबी स्तर का डेटा ही सीधे आकलन में लिया जाएगा, इसलिए डेटा की शुद्धता और समयबद्ध अद्यतन बेहद जरूरी है।

इसको लेकर सभी विभागों को 18 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक पोर्टल पर संबंधित मॉड्यूल्स का डेटा अपडेट व सत्यापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्वच्छता कर्मियों, इंजीनियरों, ठेकेदारों और डेटा एंट्री ऑपरेटरों को संशोधित फ्रेमवर्क व प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

स्वच्छ सर्वेक्षण–2026 के प्रभावी समन्वय के लिए कार्यकारी अभियंता मंदीप सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। निगम ने सर्वेक्षण से पहले सभी आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना भी तैयार की है।