March 8, 2026

मुक्का मारने के आरोप में नगर निगम के इंजीनियर का तबादला, यमुनानगर भेजा

Faridabad/Alive News: चार माह पहले फतेहाबाद से फरीदाबाद नगर निगम में स्थानांतरित हुए कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सिंह सुहाग का फिर से तबादला कर दिया गया है। इस बार उन्हें शहरी स्थानीय निकाय ने यमुनानगर भेजा गया है। मई में फरीदाबाद आने के बाद नरेंद्र सुहाग को ओल्ड फरीदाबाद जोन का प्रभार सौंपा गया था।

इस दौरान उन्होंने कार्यालय में पुरानी फाइलों को खंगालना शुरू कर दिया, जिससे कुछ कर्मचारियों को परेशानी हुई। इसी बीच एक कर्मचारी द्वारा मुक्का मारने को लेकर तीखी बहस हो गई। एक कर्मचारी ने उन पर मुक्का मारने का आरोप लगाया।

जिसके बाद सभी कर्मचारी एकजुट हो गए और कार्यकारी अभियंता के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सुहाग ने खुद को निर्दोष बताते हुए माफी मांगने से इनकार कर दिया। मुख्य अभियंता विवेक गिल और अधीक्षण अभियंता ओमवीर भी मामले में मध्यस्थता करने में असफल रहे।

फाइल पर कार्यकारी अभियंता के हस्ताक्षर को लेकर एक पार्षद से भी कहासुनी हुई। अंतत: कार्यकारी अभियंता को कार्यभार से मुक्त कर दिया गया। अब चार महीने बाद उनका तबादला यमुनानगर नगर निगम में कर दिया गया है। कार्यकारी अभियंता सुखविंदर सिंह का भी तबादला फतेहाबाद कर दिया गया है।