March 8, 2026

नगर निगम आयुक्त ने वार्ड 5 व 9 का किया निरीक्षण

Faridabad/Alive News : नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शहर में चल रहे नियमित वार्ड निरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को वार्ड नंबर 5 और वार्ड नंबर 9 का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद, पार्षद प्रतिनिधि तथा वार्ड के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वार्डवासियों ने आयुक्त का फूलमालाओं से स्वागत किया और लगातार निरीक्षण करने के लिए आभार व्यक्त किया।

आयुक्त ने दोनों वार्डों में बिजली, पानी, सीवर, सड़कों, स्ट्रीट लाइटों व सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को स्थानीय निवासियों से विस्तारपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वार्ड 5 का निरीक्षण

आयुक्त सुबह सबसे पहले वार्ड 5 पहुंचे और क्षेत्र की मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गुरुद्वारा से डिस्पोजल तक सड़क पर बरसात के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के लिए अधिकारियों को शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। जलघर के पास स्थित पार्क में हो रहे अतिक्रमण को हटाकर उसे सुंदर बनाने के निर्देश भी दिए गए साथ ही सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए तुरंत प्रभाव से विशेष सफाई अभियान चलाने के आदेश दिए।

वार्ड 9 का निरीक्षण

इसके बाद आयुक्त वार्ड 9 पहुंचे और क्षेत्र की परिस्थितियों का निरीक्षण किया।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

आयुक्त खड़गटा ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि निगम प्रशासन शहर की सफाई, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस दौरान कार्यकारी अभियंता सतपाल, एसडीओ अनिल, एसडीओ नवीन, जेई प्रमोद पचौरी, जेई आशीष, जयवीर खटाना, नीरज भाटिया, सफाई निरीक्षक बिशन तेवतिया, सहायक सफाई निरीक्षक अजीत रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।