July 24, 2026

नगर निगम ने वसूला 1.52 करोड़ से अधिक का बकाया संपत्ति कर, 31 अगस्त तक ब्याज में 75% की छूट

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान के तहत ₹1 करोड़ 52 लाख 98 हजार से अधिक की राशि वसूल की है। इसमें बीएसएनएल ने करीब ₹1 करोड़ और एनएचपीसी ने ₹52.98 लाख से अधिक का बकाया संपत्ति कर जमा कराया है।

नगर निगम के अनुसार यह वसूली अभियान निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश और ओल्ड ज़ोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार के मार्गदर्शन में चलाया गया। क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी सृष्टि बब्बर और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।

निगम आयुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार ने संपत्ति करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2010-11 से 2024-25 तक के लंबित संपत्ति कर पर लगने वाले ब्याज में 75 प्रतिशत की एकमुश्त छूट देने का फैसला किया है।

इस योजना का लाभ उन करदाताओं को मिलेगा, जो 31 अगस्त 2026 तक अपना बकाया संपत्ति कर जमा करेंगे और प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल पर अपनी संपत्ति का सेल्फ-सर्टिफिकेशन भी पूरा करेंगे।

नगर निगम ने बताया कि सामान्य तौर पर संपत्ति कर देर से जमा करने पर 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से ब्याज लगता है। लेकिन सरकार की इस योजना के तहत पात्र करदाता ब्याज में 75 प्रतिशत तक की छूट का लाभ उठा सकते हैं।

नगर निगम ने सभी संपत्ति करदाताओं से समय सीमा के भीतर बकाया कर जमा करने और योजना का लाभ लेने की अपील की है।