May 16, 2025

निगमायुक्त ने तय की 40 वार्ड कमेटियों के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी

Faridabad/Alive News : निगमायुक्त यशपाल यादव ने शहर की 40 वार्ड कमेटियों के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। इसके अलावा निगमायुक्त प्रत्येक माह कमेटी के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। जिसमें अधिकारियों व कमेटी के सदस्यों को वार्ड के कार्यो और समस्याओं से जुड़ी रिपोर्ट सौंपनी होगी। निगमायुक्त के अनुसार इससे एक ओर जहां विकास कार्यों में तेजी आएगी, वहीं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार होगा।

बता दें, कि निगम ने पिछले दिनों शहर के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले विकास कार्यों पर नजर रखने के लिए वार्ड कमेटी का गठन किया है। जो निगम सीमा के सभी 40 वार्डों में विकास कार्यों पर नजर रखेगी। इसमें स्थानीय लोगों को शामिल किया गया है। कमेटी के पदाधिकारी निगम अधिकारियों को विकास कार्योें के बारे में अपनी राय भी दे सकेंगे। निगम प्रशासन ने ये कवायद हरियाणा म्यूनिसिपल सिटीजन पार्टिसिपेशन एक्ट 2008 के तहत की है। स्थानीय पार्षद कमेटी के चेयरमैन बनाए गए है।

इसके लिए नगर निगम ने बेंगलूरू की एक संस्था के साथ एमओयू किया गया है, जो वार्ड कमेटियों को प्रशिक्षण देने का काम कर रही है। वार्ड कमेटी में कुल 10 से 12 सदस्यों को शामिल है। कुछ कमेटियों ने काम करना शुरू कर दिया है। ये कमेटी विकास कार्यों व वार्ड को बेहतरीन बनाने के लिए अपनी राय देंगे। इसके साथ कमेटी के सदस्यों और अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की गई है।