Chandigarh/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 का राज्य बजट पेश करते हुए फरीदाबाद के लिए दो महत्वपूर्ण एलिवेटेड संपर्क मार्ग परियोजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बड़खल मार्ग) तक मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से सैनिक कॉलोनी मोड़ को जोड़ते हुए लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से करीब 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में 5 फ्लाईओवर भी शामिल होंगे, जिससे शहर में यातायात दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा।
इसके अलावा, पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बाटा मार्ग) तक सैनिक कॉलोनी मोड़ से बीपीटीपी चौक तक लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड, निर्बाध संपर्क मार्ग विकसित किया जाएगा। इस मार्ग में 4 फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से फरीदाबाद में ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही दिल्ली-एनसीआर से जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत कर संतुलित और तीव्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट ‘विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण’ पर आधारित है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित एलिवेटेड मार्गों के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे फरीदाबाद और हरियाणा की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी।

