Faridabad/Alive News: गांव मोहना में शनिवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने बंदूक के बल पर एक परिवार को बंधक बनाकर करीब तीन लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की, हालांकि परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
घटना रात करीब दो बजे प्रवीन के घर हुई, जो भवन निर्माण सामग्री सप्लाई का कार्य करते हैं। उस समय प्रवीन और उनकी पत्नी प्रथम तल पर सो रहे थे, जबकि भूतल पर उनके पिता वीरपाल और मां कृष्णा मौजूद थे। बदमाश दरवाजे का शीशा निकालकर घर में घुस आए। एक के हाथ में बंदूक, दो के पास रॉड और एक के पास पाइप था।
घर में घुसते ही बदमाशों ने वीरपाल और कृष्णा को बंदूक के बल पर बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी दी। अन्य बदमाशों ने अलमारियां और बेड खंगालकर सोने की चेन, अंगूठी, चांदी के सिक्के और करीब आठ हजार रुपये नकद लूट लिए। कृष्णा के कानों से कुंडल और गले से सोने की चेन भी उतरवा ली।
वारदात से पहले बदमाश प्रथम तल पर गए और प्रवीन के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। आहट सुनकर जागे प्रवीन ने एसी के ऊपर लगी प्लाई हटाकर हाथ बाहर निकाल कुंडी खोली और बाहर निकल आए। उन्होंने एक बदमाश पर गमला फेंका, जिस पर आरोपित ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। पकड़े जाने के डर से बदमाश मोटरसाइकिल और स्कूटी पर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात से पहले सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए थे। उनकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और उनकी बोली स्थानीय थी। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुटी है।

