March 9, 2026

सराय गवर्नमेंट स्कूल में अभिप्रेरणा कार्यक्रम का किया आयोजन 

Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के आदेशानुसार बिल्डेथान 2025 के अंतर्गत विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार और प्रसार हेतु इनोवेशन के लिए अभिप्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और भारतीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सभी को प्रोत्साहित करना है। 
 नई शिक्षा नीति एन ई पी 2020 के अनुसार एक करोड़ छात्र 2047 तक भारत के इनोवेशन को गति देंगे। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने रेखांकित किया कि बिल्डथान केवल एक प्रतियोगिता नहीं है बल्कि एक कोऑर्डिनेटर राष्ट्रीय आंदोलन है जिसे छात्रों को राष्ट्रीय महत्व के चार प्रमुख विषयों – आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत के साथ जोड़ने के लिए डिजाइन किया गया है। एन ई पी 2020 की भावना को मूर्त रूप देते हुए बिल्डथान को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के व्यावहारिक अवतार के रूप में लिया जा रहा है जो रटंत सीखने से आगे बढ़कर आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने की वकालत करती है। एन ई पी 2020 कम विषयवस्तु और अधिक समस्या समाधान पर जोर देती है। 
प्राचार्य मनचंदा ने बताया कि बिल्डथान के माध्यम से छात्र न केवल सिद्धांत सीखेंगे बल्कि उन सिद्धांतों को वास्तविक मुद्दों पर लागू करेंगे। स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों के समाधान के लिए प्रोटोटाइप और समाधान तैयार करेंगे। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत विद्यार्थियों के नए आइडियाज को प्रभावशाली रूप से व्यक्त करने हेतु पेंटिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई। विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़ कर प्रतिभागिता की।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा, प्राध्यापिका गीता, सुशीला, दीपांजलि, सरिता, पवन कुमार, अजय गर्ग और अन्य सभी अध्यापकों ने पेंटिंग प्रतियोगिता में शालू को प्रथम, अनम को द्वितीय और मोनिका को तृतीय घोषित करते हुए युवाओं को स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग, प्रचार और प्रसार के लिए सार्थक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।