June 26, 2026

पति से कहासुनी के बाद मां ने ढाई साल की बेटी की हत्या की, खुद की जान लेने की भी कोशिश

Gurugram/Alive News: हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नेहा शर्मा नाम की महिला ने अपनी ढाई साल की मासूम बेटी अनिका की हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, नेहा इसी साल जनवरी में उत्तर प्रदेश के बिजनौर से अपने पति आधार शर्मा के पास गुरुग्राम रहने आई थी। वह गुरुग्राम में ही रहना चाहती थी और ससुराल वापस नहीं जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी होती रहती थी।

बताया जा रहा है कि पति ने नेहा से कहा था कि उसके यहां रहने से परिवार और रिश्तेदार ताने मारते हैं और उसे परिवार से अलग न करे। इसी बात से नाराज होकर नेहा ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

घटना वाले दिन आधार शर्मा सुबह काम पर चला गया था। जब दिनभर नेहा ने फोन नहीं उठाया तो शाम को वह घर लौटा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए।

बेडरूम में बेटी अनिका मृत पड़ी थी, जबकि नेहा घायल हालत में मिली। बच्ची की मौत हो चुकी थी, जबकि नेहा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पहले भी नेहा ने झगड़े के बाद आत्महत्या की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नेहा के ठीक होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।