Faridabad/Alive News: नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में गुरुवार को भी तीसरे नवरात्रि की भव्य पूजा-अर्चना संपन्न हुई। विशेष बात यह रही कि इस बार बुधवार और गुरुवार दोनों ही दिन तीसरे नवरात्रि के रूप में मनाए गए और दोनों ही दिन श्रद्धालुओं ने माता चंद्रघंटा की विधिवत पूजा की।
सुबह प्रातः कालीन आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने उपस्थित भक्तों और अतिथियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए प्रसाद और माता की चुनरी भेंट की। इस अवसर पर उद्योगपति आर.के. बत्रा, पूर्व विधायक चंद्र भाटिया, फकीरचंद, राहुल मक्कड़ और धीरज सहित अनेक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई।
कार्यक्रम के दौरान भाटिया ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए बताया कि नवरात्रि का तीसरा दिन देवी चंद्रघंटा को समर्पित है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, माता रानी की विधिपूर्वक पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है और इस दिन व्रत कथा का पाठ करना आवश्यक माना गया है। उन्होंने कहा कि इस कथा के प्रभाव से साधक की सभी इच्छाएं पूर्ण होती हैं। जो भी भक्त सच्चे मन से माता रानी की पूजा कर अपनी मुरादें उनके समक्ष रखते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं।

