September 17, 2026

2 साल के बच्चे पर मां ने किया पेपर कटर से हमला, गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: नवीन नगर चौकी क्षेत्र में एक महिला पर अपने 2 साल के बेटे पर पेपर कटर ब्लेड से हमला करने का आरोप है। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शिव एन्क्लेव पार्ट-3 निवासी कृष्ण कुमार ने शिकायत में बताया कि 26 अगस्त को उसकी पत्नी ने 2 वर्षीय बेटे के साथ मारपीट की। जब उसने बच्चे को बचाने की कोशिश की तो महिला ने पेपर कटर से बच्चे के गले पर वार कर दिया। इसके बाद बच्चे को गंभीर हालत में उपचार के लिए ले जाया गया।

शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि महिला तीन बच्चों की मां है। पति और सास के काम पर जाने के बाद वह घर पर बच्चों के साथ अकेली रहती थी। पुलिस के अनुसार, बच्चों की देखभाल को लेकर वह परेशान रहती थी और मानसिक तनाव में थी। 26 अगस्त को गुस्से में आकर उसने घर में रखे पेपर कटर से अपने 2 वर्षीय बेटे पर हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।