Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 3.565 किलोग्राम गांजा और 150 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं।
पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देश पर 14 जनवरी को फरीदाबाद की विभिन्न अपराध शाखाओं ने यह कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी इंद्रजीत (26), निवासी गांव बडोली, को IMT सदर बल्लभगढ़ के पास से 2.612 किलोग्राम गांजा के साथ पकड़ा।
वहीं अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने सेक्टर-17 झुग्गी से प्रेम नगर निवासी नसरुद्दीन (42) को 443 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। इसके अलावा अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने शनि देव कॉलोनी, सेक्टर-58 से जीवन नगर गोंछी निवासी एक महिला को 510 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा।
इसी तरह अपराध शाखा DLF की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जवाहर कॉलोनी निवासी पवन (23) को ओल्ड प्रेस कॉलोनी के पास से 150 अल्प्राजोलम टैबलेट सहित गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

