May 19, 2024

मानसून ने रोकी मुंबई की रफ्तार, आगामी चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

New Delhi/Alive News : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बीते बुधवार को मानसून ने दस्तक दी और पहले ही दिन भारी बारिश ने देश की वित्तीय राजधानी और उसके उपनगरों की रफ्तार को रोक दिया। भारी बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में जलभराव हो गया है और रेलवे ट्रैक डूब गए। बारिश के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारत विज्ञान मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा मिली जानकारी के अनुसार मुंबई में आगामी चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान, मुंबई में हाई टाइड की चेतावनी भी दी गई है।

भारी बारिश के कारण चार सबवे बंद
भारी बारिश के कारण मुंबई के विभिन्न हिस्सों में पानी भर गया, जिसके कारण यातायात पुलिस को चार सबवे बंद करने पड़े। वहीं कई चालकों को अपने वाहन सड़कों पर ही छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा। मुंबई की लाइफ लाइन कही जनि वाली लोकल ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुईं, जो केवल स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मियों के लिए चल रही हैं।

मुंबई में भारी बारिश के कारण दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ गया है। यातायात पुलिसकर्मी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सड़कों पर तैनात किए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर फंसे वाहनों को हटाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस बीच, पुलिस ने लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की है। 

हाई टाइड की चेतावनी
मुंबई में अभी ट्रेनें चल रही हैं। आईएमडी के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, दोपहर 12 बजे के करीब हाई टाइड आने और भारी बारिश की आशंका जताई गयी है। इस दौरान 4.26 मीटर तक समुद्री लहरें उठ सकती है। इस चेतावनी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने सभी को अलर्ट मोड पर रखा है और स्थिति पर बारीकी से निगरानी बनाए रखने के लिए कहा है।

सीएम ने की बैठक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि इकट्ठा हुए बारिश के पानी की जल्द से जल्द निकासी कर सेवाएं बहाल की जाएं। ठाकरे ने मुंबई में नियंत्रण कक्षों और ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों के अधिकारियों से बात की। भारत विज्ञान मौसम विभाग ने मुंबई समेत कई जिलों में आगामी चार दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आईएमडी ने मुंबई समेत कोंकण के विभिन्न जिलों के लिए अगले चार दिनों तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के मद्देनजर कई जगहों पर एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं।