March 7, 2026

फरीदाबाद में सूदखोर गिरफ्तार, डॉक्टर से वसूली और धमकाने का मामला

Faridabad/Alive News: पुलिस ने सूदखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी सेक्टर-16 की पुलिस ने की।

शिकायतकर्ता डॉ. चेतन, निवासी सेक्टर-16 फरीदाबाद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरोपी रोहित बैसला से 31 लाख रुपये 2% ब्याज पर उधार लिए थे। लेकिन एक महीने बाद रोहित ने ब्याज की दर 10% कर दी और हर महीने 3.50 लाख रुपये ब्याज के रूप में वसूलने लगा।

आरोप है कि रोहित ने डॉक्टर को धमकाकर उनके खाली चेक ले लिए और गाड़ी अपने नाम कराने के लिए जबरन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। इतना ही नहीं, वह गाड़ी छीनने, चेक अदालत में लगाने और घर पर कब्जा करने की धमकी भी देने लगा।

शिकायत पर थाना सेक्टर-17 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने रोहित, निवासी गांव बडोली (पलवल) हाल एडोर सोसाइटी सेक्टर-86 फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि डॉक्टर ने ब्याज सहित पैसे लौटा दिए थे, लेकिन आरोपी लालच में आकर उन्हें लगातार धमका रहा था ताकि और पैसे वसूल सके। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है।