Faridabad/Alive News: पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया ने हरियाणा विधानसभा के चालू बजट-सत्र में क्षेत्र की बदहाल सडक़ों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाते हुए सरकार जमकर घेरा। विधायक तेवतिया ने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्री का ध्यान केन्द्रीत करते हुए कहा कि पृथला हल्का फरीदाबाद व पलवल जिलों में सबसे अधिक टैक्स देने वाले क्षेत्रों में से एक है। यहां आईएमटी और पृथला इंडस्ट्रियल जोन होने के कारण लगभग एक हजार से अधिक बड़ी एवं छोटी फैक्ट्रियां हैं जिसके चलते भारी वाहनों की आवाजाही लगातार रहती है।
वहीं सीकरी, पृथला और बघौला में नेशनल हाईवे पर बने सिक्सलेन फ्लाईओवर निर्माण में हुई खामियों की विजिलेंस जांच कराई जाए, क्योंकि बघौला फ्लाईओवर कुछ ही महीनों में टूट गया, जबकि सीकरी फ्लाईओवर के नीचे सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक रघुबीर तेवतिया ने सदन में कहा कि पृथला क्षेत्र में नेशनल हाईवे से भनकपुर वाया खंदावली तथा लिंक रोड से हरफला, भनकपुर से कबूलपुर गाव सहित विभिन्न गांव को जोड़ने वाली सडकें खराब पडी हैं। जिन्हें तुरन्त बनाई जाए। वहीं कई गावों के कच्चे रास्ते जो एक गांव से दूसरे गांव को जोडते हैं उनमें जनौली से पंचायती जमीन 5 करम रास्ता, कुरारा शाहपुर से डाढ़ोता सुजवाड़ी लिंक रोड तक 6 करम रास्ता, कुरारा शाहपुर से चिरवाड़ी तक 4 करम और 6 करम रास्ता, सागरपुर से डीग तक 5 करम व 7 करम रास्ता, सागरपुर से प्याला फतेहपुर लिंक रोड तक 6 करम रास्ता, मोहना अनाज मंडी से अटेरना 5 करम रास्ता, अलावलपुर नहर के पुल के पास के लिंक रोड से जनौली फिरोजपुर रेलवे अंडर पास तक, जवा गांव से फतेहपुर बिल्लौच तक तथा खजूरका से मिल्क गन्नी तक गावों के कच्चे रास्ते पक्के बनाए जाएं।

