Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा ‘मेला साथी’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया है। इस ऐप के माध्यम से पर्यटकों को मेले से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां उनके मोबाइल फोन पर उपलब्ध होंगी। खासकर पहली बार मेला देखने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को इससे काफी सहूलियत मिलेगी।
‘मेला साथी’ ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। सूरजकुंड मेले में प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक पहुंचते हैं, जिनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की होती है जिन्हें टिकट दर, स्टॉलों की खासियत, थीम स्टेट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सुविधाओं की पूरी जानकारी नहीं होती।
ऐप के जरिए पर्यटकों को स्टॉलों की लोकेशन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समय, कलाकारों व शिल्पकारों का परिचय, खान-पान जोन, पार्किंग व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं और अन्य सुविधाओं की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकेगी।
सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार ‘मेला साथी’ ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक इसका लाभ उठा सकेंगे। यह ऐप मेले के अनुभव को और अधिक सुगम, सुरक्षित और यादगार बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

