March 7, 2026

छात्र-छात्राओं का मेडिकल चेकअप

Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार छात्र-छात्राओं का व्यापक मेडिकल चेकअप आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के सहयोग से तथा जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टी-116 ए आर बी एस कैंप के अंतर्गत किया गया।

विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के अधिकारी एवं प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने बताया कि जिला नागरिक चिकित्सालय से आई चिकित्सकों की टीम द्वारा विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। टीम में डॉक्टर नीरज (एएमओ), डॉक्टर सुरेश सिंह (एएमओ), फार्मेसी ऑफिसर ऊषा तथा एएनएम कृष्णा शामिल रहीं। यह स्वास्थ्य जांच सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विद्यार्थियों के संपूर्ण मेडिकल परीक्षण पूर्ण होने तक जारी रहेगी।

मेडिकल चेकअप के दौरान छात्र-छात्राओं की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, लंबाई, वजन, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई), नेत्र ज्योति सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों का परीक्षण चिकित्सकों, काउंसलर, स्टाफ नर्स एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों की टीम द्वारा किया जा रहा है।

चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार अपनाने की सलाह देते हुए मोटे अनाज, मौसम के अनुसार फल, हरी सब्जियां, दालें, प्रोटीन व वसा युक्त भोजन, सीरियल्स एवं अंकुरित अनाज के सेवन पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार से हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कुपोषण एवं नशे जैसी समस्याओं से बचाव संभव है। साथ ही बॉडी मास इंडेक्स से संबंधित विस्तृत जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ ने स्वास्थ्य विभाग से आई चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। चिकित्सकों ने छात्र-छात्राओं को रक्त अल्पता (एनीमिया) से बचाव के लिए हरी सब्जियां, चना, गुड़ तथा आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के नियमित सेवन के महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।