March 8, 2026

महापौर प्रवीण जोशी ने की समीक्षा बैठक, बरसात से पहले सफाई और जलभराव रोकथाम के दिए निर्देश

Faridabad/Alive News: महापौर श्रीमती प्रवीण जोशी ने आज नगर निगम मुख्यालय में निगम कमिश्नर और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने बरसात के मौसम में शहर में जलभराव न होने देने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी तैयारी रखें ताकि बरसात के पानी को आसानी से निकाला जा सके और लोगों को परेशानी न हो।

इस बैठक में नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा, एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा और गौरव आंतिल, अतिरिक्त म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. विजयपाल यादव, जॉइंट कमिश्नर गजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर ने साफ-सफाई पर भी जोर दिया और कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों की कमी को जल्द पूरा करने और बरसात के मौसम में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने की बात भी कही।

इस पर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि शहर के सभी नाले-नालियों की सफाई का काम चल रहा है और जल्द पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी को लेकर सरकार से पत्राचार किया गया है।

कमिश्नर ने यह भी बताया कि हाल ही में चलाए गए स्वच्छता पखवाड़े के कारण सफाई व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। साथ ही हॉर्टिकल्चर विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इस बरसात के मौसम में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जाएं ताकि शहर में हरियाली बढ़े और वातावरण स्वच्छ रहे। इससे लोगों को भी लाभ मिलेगा।