May 6, 2024

ड्यूटी से लौट रहे युवक को कई लोगों ने चाकू से गोदा, मौत

Faridabad/Alive News : सेक्टर 58 थाना क्षेत्र में ड्यूटी से लौट रहे एक युवक की कुछ लोगों से हाथापाई हुई। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने नीरज पर चाकू से हमला कर दिया। जिस में नीरज बुरी तरह घायल हो गया। हालांकि, पीड़ित को बल्लभगढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश हरदोई के गांव कांडला निवासी नीरज के रूप में हुई है। वह फिलहाल सुभाष कॉलोनी लाल कोठी के पास किराए पर रहता था। मृतक नीरज ट्रांसपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी सेक्टर 58 में काम करता था।

वहीं मृतक के परिजनों ने फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया और लापरवाही के आरोप लगाए। परिजनों का आरोप है कि कंपनी की तरफ से कर्मचारी को ईएसआई कार्ड नहीं दिया गया था। जिसके कारण उसके इलाज में देरी हुई और उसकी मौत हो गई। थाना सेक्टर 58 पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक नीरज के परिजनों और फैक्टरी के कर्मचारियों ने बीते रविवार को फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर फैक्टरी प्रबंधन से ईएसआई और मुआवजे की मांग की और फैक्टरी पर ताला जड़ दिया। जिसके बाद फैक्टरी प्रबंधन ने काफी विचार विमर्श करने के बाद के कर्मचारियों की मांग मान ली और नीरज के परिवार को ईएसआई और मुआवजा देने का आश्वासन दिया। फैक्टरी प्रबंधन से आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।