March 8, 2026

चांदपुर अंडरपास के पास नाले से मिला व्यक्ति का शव

Faridabad/Alive News: चांदपुर अंडरपास के समीप शुक्रवार सुबह नाले से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव की पहचान कैंप के वीना नगर निवासी 50 वर्षीय रामबीर के रूप में की है, जो पिछले तीन दिनों से लापता था। शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। स्वजनों ने भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, चांदपुर अंडरपास के पास नाले में सफाई कार्य चल रहा था। शुक्रवार सुबह जब सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने नाले में शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकलवाया।

गांधीनगर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि रामबीर के लापता होने की रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शव मिलने के बाद स्वजनों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त की।

परिजनों के अनुसार, रामबीर तीन दिन पहले घर से निकला था और वापस नहीं लौटा था। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। मौत हादसा है, हत्या है या इत्तेफाकिया, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

बाल छप्पर गांव के जोहड़ में मिला शवबाल

छप्पर गांव में शुक्रवार सुबह गांव के जोहड़ से 55 वर्षीय जोद सिंह का शव बरामद हुआ। थाना छप्पर प्रभारी सुमित कांबोज ने बताया कि जोद सिंह पिछले तीन दिनों से लापता था, जिसकी शिकायत स्वजनों द्वारा दर्ज कराई गई थी। पुलिस और स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जोद सिंह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह जोहड़ के पास फिसलकर गिर गया, जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।