Faridabad/Alive News: सेवा पखवाड़ा के तहत “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान पर मानव सेवा समिति ने बुधवार को अपने कार्यालय मानव भवन, सेक्टर-10 में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। यह शिविर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगाया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता टिपर चंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा के प्रतिनिधि के रूप में भाग लिया, जबकि सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा विशेष अतिथि रहे। इस मौके पर टिपर चंद शर्मा ने कहा कि यदि परिवार की नारी स्वस्थ होगी तो पूरा परिवार सशक्त और खुशहाल बनेगा। उन्होंने समिति की सेवा भावना और कार्यों की सराहना की।
शिविर में डॉ. टी.सी. गिडवाल (एसएमओ बल्लभगढ़) के नेतृत्व में डॉ. आशिमा केसरी और डॉ. सोनम शर्मा ने महिलाओं व बच्चों के रोगों की जांच की। वहीं डॉ. गजराज सिंह और डॉ. अनूप कुमार ने सामान्य रोगों के मरीजों का इलाज किया। बच्चों को रोग प्रतिरोधक टीके लगाए गए। मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और आंखों की जांच की गई और दवाइयां मुफ्त दी गईं।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महासचिव सुरेंद्र जग्गा, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गोयनका, प्रोजेक्ट चेयरमैन संजीव शर्मा, उपाध्यक्ष कैलाश चंद शर्मा, मुख्य संरक्षक प्रेम पसरीजा, प्रभारी आई.सी. जैन, वरिष्ठ सलाहकार बी.के. माहेश्वरी, बनवारी लाल गुप्ता, आर.के. सिंगला, गोरामल और अनूप गुप्ता मौजूद रहे। अतिथियों और डॉक्टरों का फूल मालाओं, सम्मान पट्टिकाओं और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।

