Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मंगलवार देर रात एक अहाता (शराब पीने की जगह) के मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना सेक्टर-3 पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर हुई।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 30 वर्षीय आदेश यादव के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से सेक्टर-3 के अहाते में मैनेजर के तौर पर काम कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, पास के कम्युनिटी सेंटर में शादी समारोह चल रहा था। देर रात कुछ युवक वहां से अहाते पर पहुंचे और मैनेजर से अहाता खोलने को कहा ताकि वे शराब पी सकें। लेकिन अहाता बंद हो चुका था, इसलिए आदेश यादव ने मना कर दिया।
इसी बात पर युवकों और मैनेजर के बीच बहस हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। इसके बाद युवक शादी समारोह में वापस गए और अपने साथ 15-20 अन्य लोगों को लेकर लौटे।
आदेश यादव और उसका भाई सुमित वहां से भागने लगे, लेकिन आदेश पीछे रह गया। हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से बुरी तरह पीटा। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अहाता खोलने से मना किया तो मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या

