March 19, 2026

अवैध हथियार के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, देसी पिस्टल और 5 कारतूस बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल (41) के रूप में हुई है, जो गांव तिगांव, फरीदाबाद का रहने वाला है। पुलिस को 18 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने तिगांव-भैंसरावली रोड पर कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना तिगांव में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह पिस्टल और कारतूस करीब 40 हजार रुपये में सिर्फ दिखावे (हवाबाजी) के लिए खरीदे थे।

आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उससे और पूछताछ की जा सके।