Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने ग्रीनफील्ड कॉलोनी में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप और नकदी चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 5 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गांव लालपुर का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद की भूड़ कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस को दी शिकायत में ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी एक महिला ने बताया कि 25 जनवरी की रात करीब 9 बजे वह अपनी कार से ग्रीनफील्ड कॉलोनी में खाना खाने गई थी। जब वह खाना खाकर वापस आई तो देखा कि उसकी कार का शीशा टूटा हुआ था और गाड़ी में रखा बैग गायब था। बैग में लैपटॉप और नकदी रखी हुई थी।
इस शिकायत पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब महिला होटल में खाना खाने गई थी, तभी उसने कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी कर लिया। चोरी किया गया लैपटॉप उसने दिल्ली में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी से 5 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

