August 14, 2026

जिला अस्पताल में नियुक्त 17 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती में बड़ा घोटाला

Noida/Alive News: नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में संविदा आधार पर नियुक्त 17 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती में बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। शासन के निर्देशों की अनदेखी कर स्थानीय स्तर पर की गई इन नियुक्तियों पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने सख्त रुख अपनाया और प्रक्रिया में पाई गई गम्भीर अनियमितताओं के चलते विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है।

अगस्त 2023 में शासन के आदेशों की अनदेखी करते हुए जिला अस्पताल में तत्कालीन अधिकारियों की तरफ से की गई 17 स्टाफ नर्स और लैब टेक्नीशियन की गैरकानूनी भर्ती को रोक दिया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के संकेत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग से कर्मियों की ज्वाइनिंग तिथि सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे थे। प्राप्त डेटा में अनियमितताएं पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। शासन ने इसे घोटाला मानते हुए स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोक दिया है। नियमानुसार स्थानीय स्तर पर स्टाफ की भर्ती नहीं हो सकती थी, बावजूद इन्हें आउटसोर्स एजेंसी से सांठगांठ कर भर्ती कर लिया गया।

तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारीयों ने एनएचएम के तहत कुल 15 स्टाफ नर्स और 2 लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति की थी। इनमें से छह नर्स और दोनों लैब टेक्नीशियन की भर्ती अगस्त 2023 में की गई थी। बाकी नौ स्टाफ नर्सों को वर्ष 2025 के विभिन्न महीनों में जिला अस्पताल में ज्वाइन कराया गया था। अधिकारियों का कहना है कि साल 2023 की शुरुआत में शासन ने आदेश दिए थे कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों की स्टाफ नर्स और लैब टेक्नीशियन की भर्तियां लखनऊ मुख्यालय के माध्यम से ही की जाएं। बावजूद इसके तत्कालीन जिम्मेदारों ने स्थानीय स्तर पर नर्सिंग स्टाफ और लैब टेक्नीशियनों की नियुक्तियां कर दीं। आठ स्वास्थ्यकर्मियों को कुल मिलाकर लगभग 58 लाख रुपये वेतन दिए गए, जबकि नौ अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के खातों में करीब 21 लाख रुपये जमा किए गए। सूत्रों के अनुसार ये नियुक्तियां अलीगढ़ की एक एजेंसी के जरिए जिला अस्पताल प्रबंधन द्वारा करवाई गई थीं।