September 1, 2026

वीकेंड अभियान में फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 दिन में 158 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ 28 से 30 अगस्त तक विशेष वीकेंड अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जिलेभर की थाना पुलिस, अपराध शाखा और स्पेशल टीमों ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान 158 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 69 उद्घोषित अपराधी और जमानत के बाद फरार आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने 26 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया।

पुलिस ने अवैध शराब और नशे के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 246 बोतल देसी शराब, 40 बोतल अंग्रेजी शराब और 1080 प्रतिबंधित स्पास्कोर वान प्लस टैबलेट बरामद कीं। इसके अलावा जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21,610 रुपये की नकदी बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई से अब तक 6 वीकेंड अभियान चलाए जा चुके हैं। इन अभियानों में कुल 1304 आरोपियों को गिरफ्तार, 234 गुमशुदा लोगों को तलाश और 681 उद्घोषित अपराधियों व जमानत से फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि अपराध, नशा, अवैध हथियार, शराब और जुए जैसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि आसपास किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम 9999150000, 0129-2227200 या डायल 112 पर सूचना दें।