July 11, 2026

91.50 लाख की साइबर ठगी में बड़ा खुलासा, सूरत से एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर थाना NIT की टीम ने ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 91.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुजरात के सूरत से पकड़ा गया। उसकी पहचान गोती हितेश भाई प्रवीन भाई के रूप में हुई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, NIT निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी फेसबुक पर एक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई, जो बाद में व्हाट्सएप पर जारी रही। ठगों ने उसे ट्रेडिंग में निवेश करने पर बड़ा मुनाफा मिलने का लालच दिया और उसका ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया।

शिकायतकर्ता ने अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 91.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस मिली। शिकायत मिलने पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले मीडिएटर की भूमिका निभा रहा था। उसने पुरखा राम नाम के व्यक्ति का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाया। इस खाते में ठगी के 30 लाख रुपये आए थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक 4 खाताधारकों और 7 बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।