Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 27 सितंबर 2026 को फरीदाबाद में ‘ड्रग्स फ्री हरियाणा’ थीम पर फरीदाबाद हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कॉरपोरेट संस्थानों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा, सीएसआर सहभागिता और आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मैराथन का आयोजन पहले से अधिक भव्य और बड़े स्तर पर किया जाएगा, जिसमें हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
डीसी ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए उद्योग जगत, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस मैराथन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कई अन्य विशिष्ट अतिथियों और प्रसिद्ध हस्तियों को भी आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने उन संस्थानों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने पिछले वर्षों में इस सामाजिक अभियान का समर्थन किया था। उन्होंने इस वर्ष भी उद्योगों और संस्थानों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सहयोग करने वाले संस्थानों को उनकी स्पॉन्सरशिप श्रेणी के अनुसार ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार, कार्यक्रम स्थल पर दृश्यता, सोशल मीडिया प्रमोशन, मैराथन रूट पर ब्रांड डिस्प्ले और उच्च श्रेणी के प्रायोजकों को वीआईपी लाउंज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने सभी औद्योगिक इकाइयों और संस्थानों से जल्द से जल्द अपनी स्पॉन्सरशिप की पुष्टि करने का आग्रह किया, ताकि आयोजन की तैयारियों को समय पर अंतिम रूप दिया जा सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन, उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित होने वाली यह हाफ मैराथन ‘नशा मुक्त हरियाणा’ के संदेश को प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में सीटीएम अंकित कुमार सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, कॉरपोरेट संस्थानों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

