March 7, 2026

गैंगरेप मामले में बड़ी कार्रवाई, पहचान परेड में पीड़िता ने दो आरोपियों को पहचाना

Faridabad/Alive News: गैंगरेप मामले में जांच को बड़ी मजबूती मिली है। पीड़िता ने नीमका जेल में कराई गई पहचान परेड के दौरान दोनों आरोपियों को स्पष्ट रूप से पहचान लिया। यह पहचान परेड ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई, जिसमें दोनों आरोपियों को उनकी कद-काठी के 10 अन्य कैदियों के बीच खड़ा किया गया था।

मजिस्ट्रेट के निर्देश पर पीड़िता ने बिना किसी हिचकिचाहट के दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। पहचान परेड के दौरान पुलिस जांच अधिकारी और नीमका जेल के सुपरिटेंडेंट भी मौजूद रहे। पीड़िता द्वारा आरोपियों की पहचान किए जाने से पुलिस का मामला और मजबूत हो गया है, जिसे कोर्ट में एक अहम सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा सकती है। पहचान परेड पूरी होने के कारण पुलिस ने पहले आरोपियों को गिरफ्तार कर सीधे जेल भेज दिया था।

गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात 30 दिसंबर 2025 की रात को हुई थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के कल्याणपुरी इलाके में रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन का अपने पति से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह अपने माता-पिता के घर रह रही थी।

सोमवार शाम महिला का अपनी मां से भी झगड़ा हो गया, जिसके बाद वह सेक्टर-23 में अपनी सहेली के घर चली गई। देर हो जाने के कारण रात में वह ऑटो-रिक्शा से एन आई टी चौक पहुंची और वहां से पैदल मेट्रो चौक तक गई। इसके बाद कल्याणपुरी जाने के लिए मेट्रो चौक पर ऑटो का इंतजार कर रही थी।

इसी दौरान रात करीब 12 बजे एक वैन में सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला को कल्याणपुरी चौक छोड़ने की बात कही। महिला उनके झांसे में आकर वैन में बैठ गई। आरोपियों ने वैन को कल्याणपुरी की बजाय गुरुग्राम रोड की ओर मोड़ दिया और रास्ते में महिला के साथ गैंगरेप किया।

आरोपी पूरी रात महिला को गाड़ी में घुमाते रहे और सुबह करीब 3 बजे उसे एस जी एम नगर स्थित मुल्ला होटल के पास फेंक कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने अपनी बहन को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, काफी प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उनकी पहचान और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।