March 7, 2026

सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा: झूला गिरने से पुलिस इंस्पेक्टर की मौत, 13 लोग घायल

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मेले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक गिर गया। इस दुर्घटना में एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन पूरा मेला ग्राउंड खाली करा दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, “सुनामी” नाम के झूले में कुल 18 लोग बैठे हुए थे। झूला ऊपर जाते समय अचानक अटक गया, जिसके बाद कुछ लोगों को नीचे उतारा गया। इसके बाद झूला तेज गति से चलने लगा और कुछ ही देर में अचानक गिर गया। झूला गिरते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

हादसे के दौरान लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर जगदीश पलवल में तैनात थे और मेले में ड्यूटी पर आए हुए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही फरीदाबाद के DC आयुष सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 9 का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है और 3 को बादशाह खान सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। DC ने कहा कि यह घटना वेंडर की लापरवाही के कारण हुई हो सकती है। मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसी दिन शाम को मेले के गेट नंबर-2 के पास बना एक डिजाइनर गेट भी अचानक गिर गया। गेट पहले से झुका हुआ था। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया, हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई। बाद में मेला प्रशासन ने गेट का मलबा हटवा दिया।