Faridabad/Alive News: महाराष्ट्र मित्र मंडल द्वारा गांधी कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में 26 से 31 अगस्त तक बड़े धूमधाम से सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 अगस्त को पंडाल में भव्य श्री सत्यनारायण महापूजा का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने बड़ी श्रद्धा और उत्साह से भाग लिया।
महापूजा का आयोजन मंडल के कार्यकर्ता उदय भान और सुनीता देवी ने किया। पूजन के दौरान रवि गोसावी ने बताया कि भगवान विष्णु की पूजा हमारे जीवन में सौभाग्य, सुख और समृद्धि लाती है। विशेष अवसरों, एकादशी, बृहस्पतिवार और पूर्णिमा के दिन सत्यनारायण भगवान की कथा और पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और कष्ट दूर होते हैं। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को सूजी के हलवे का प्रसाद वितरित किया गया, जो मंडल ने विशेष रूप से तैयार कराया था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज कुमार वोहरा ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, एकता और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने मंडल के सभी सदस्यों और श्रद्धालुओं की भागीदारी की सराहना की।
मंडल के सदस्य दिनेश मेस्त्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं है, बल्कि समाज में सद्भाव, श्रद्धा और एकता का संदेश फैलाना भी है। हर साल इसे और भव्य बनाने की कोशिश की जाती है ताकि अधिक लोग जुड़ सकें और पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।
पूजा में मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र पांचाल, यशवंत पांचाल, रविन्द्र पांचाल, रवि पांचाल, दिनेश मेस्त्री, नेहा मेस्त्री, विनय पांचाल, अक्षय, रोहित, शेखर, कर्ण शर्मा, सचिन, उदय भान, सागर कुलकर्णी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

