June 6, 2026

ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा, 54.85 लाख की ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर 54 लाख 85 हजार रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमन बत्रा निवासी शाहबाद मारकंडा, कुरुक्षेत्र, हाल निवासी बादली दिल्ली के रूप में हुई है। उसे 17 मई को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अमन बत्रा ने नवीन नाम के व्यक्ति का बैंक खाता खुलवाया था। बाद में यह खाता दिल्ली में सुमित और मनविंद्र के जरिए विदेश में बैठे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया गया। इस खाते में ठगी के 75 हजार रुपये आए थे। आरोपी अमन दिल्ली में रैपिडो चलाने का काम करता है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, एसजीएम नगर निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि जनवरी 2026 में उसकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज आया। मैसेज में ग्लोबल ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।

इसके बाद शिकायतकर्ता को मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया, जिसके जरिए M.GLOBALPRIMEJP.CC वेबसाइट पर अकाउंट खुलवाया गया और उसे टेलीग्राम ग्रुप @G_Global_Prime_CS में जोड़ दिया गया।

ठगों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 54 लाख 85 हजार रुपये भेज दिए। पैसे जमा कराने के बाद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली।

इस मामले में पुलिस पहले ही खाताधारक नवीन, सुमित और मनविंद्र को गिरफ्तार कर चुकी है।