June 6, 2026

बाथरूम गया चालक, पीछे से ऑटो लेकर फरार हुआ चोर, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा AVTS सिकरोना की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की उर्फ पुग्गा निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसजीएम नगर निवासी वीर पाठक ने शिकायत दी थी कि 13 मई को वह सेक्टर-24 स्थित CNG पंप पर ऑटो में गैस भरवाने गया था। गैस भरवाने के बाद उसने ऑटो साइड में खड़ा किया और बाथरूम चला गया। वापस लौटने पर उसका ऑटो वहां से गायब मिला।

शिकायत मिलने पर थाना एसजीएम नगर में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है। शिकायतकर्ता के बाथरूम जाने के दौरान उसने मौका देखकर ऑटो चोरी कर लिया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।