Faridabad/Alive News: एक जुलाई को इस्कॉन मंदिर, सेक्टर-37 फरीदाबाद में भगवान जगन्नाथ की पालकी यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। इस आयोजन में सैकड़ों भक्तों और हजारों स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।
यात्रा की शुरुआत अशोका मेमोरियल स्कूल के मुख्य द्वार से शाम 5:30 बजे हुई, जहां भगवान जगन्नाथ की आरती और भोग अर्पण के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद पालकी यात्रा सराय मार्केट और कनिष्क टावर्स होते हुए इस्कॉन मंदिर पहुंची। पूरे रास्ते भक्त कीर्तन करते हुए नाचते-गाते भगवान का गुणगान करते रहे। कई राहगीर भी इस यात्रा से जुड़ते गए।
पालकी यात्रा के दौरान भक्तों को प्रसाद और आध्यात्मिक पुस्तकें भी बांटी गईं, जिससे कृष्ण भक्ति का संदेश फैला। मंदिर पहुंचने पर सभी को महाप्रसाद भी वितरित किया गया।
मंदिर के अध्यक्ष गोपेश्वर दास ने बताया कि यह यात्रा पुरी (उड़ीसा) की गुंडीचा यात्रा की परंपरा पर आधारित है। इसका मकसद भक्तों को भगवान जगन्नाथ की दिव्य उपस्थिति का अनुभव कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से आत्मिक शांति मिलती है और सभी को इसमें भाग लेना चाहिए।
यह यात्रा सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और भक्ति की भावना को बढ़ाने का एक सुंदर माध्यम भी बनी।

