March 8, 2026

हरियाणा मिड-डे मील घोटाला : फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों का रिकॉर्ड खंगालेगी सीबीआई!

Faridabad/Alive News: हरियाणा प्रदेश के सरकारी स्कूलों में हुए मिड डे मील घोटाला मामले की जांच अब फरीदाबाद के स्कूलों तक पहुंच गई है। फरीदाबाद के 15 सरकारी स्कूलों की रिपोर्ट केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मांगी थी, वो रिपोर्ट स्कूलों के प्रिंसिपल ने चंडीगढ़ में जमा करा दी है। इसके बाद पलवल के सरकारी स्कूलों की रिपोर्ट जमा होनी है। सीबीआई की टीम स्कूलों में 2014, 2015 और 2016 का डाटा खंगालने के लिए अगले सप्ताह फरीदाबाद आ सकती है।

दरअसल, प्रदेश के सरकारी स्कूलों में चार लाख फर्जी दाखिला और मिड डे मील घोटाला मामले में फतेहाबाद सहित अन्य जिलों में सीबीआई स्कूलों का रिकॉर्ड जांच रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी इस मामले पर प्रदेश सरकार को घेर चुके हैं। मामले की जांच में अब फरीदाबाद का नाम भी जुड़ गया है।

फरीदाबाद के प्राइमरी स्कूल एतमादपुर, सराय ख्वाजा, सेहतपुर, तिलपत, बड़खल, ऊंचा गांव, चावला कॉलोनी और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (ओल्ड फरीदाबाद) के प्रिंसिपल ने तीन और चार नवंबर को रिकॉर्ड चंडीगढ़ कार्यालय में जमा किया हैं। सरकारी स्कूलों में फर्जी दाखिला और मिड डे मील घोटाला हुआ है या नहीं यह फिलहाल सीबीआई जांच का विषय है। लेकिन रिपोर्ट जमा होने के बाद से ही 10 वर्ष पहले शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारियों और उपरोक्त स्कूलों के अध्यापकों तथा प्रिंसिपल की नींद उड़ गई है।

सरकारी स्कूलों में दस साल पहले पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ढूंढेंगे अध्यापक
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सरकारी स्कूलों के अध्यापक को अब 10 साल पहले पढ़ने वाले विद्यार्थियों को ढूंढना है। विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों से भी पूछताछ होगी। बता दें कि वर्ष 2013 तक हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मैन्युअली दाखिला होता था। 2014 और 2015 से स्कूलों में बच्चों के आधार कार्ड के साथ एमआईएस पोर्टल पर डाटा अपलोड होने लगा था। सरकारी स्कूलों में दाखिले कम होना शुरू हो गए। शैक्षणिक सत्र 2014-15 और 2015-16 के बीच स्कूलों में बच्चों के दाखिले में अंतर आ गया। प्रदेश के कई जिलों में फर्जी दाखिला और मिड डे मील घोटाला को लेकर सीबीआई जांच कर रही है।

पहले इन रिकॉर्ड्स की हो रही है जांच
मुख्य रूप से शैक्षणिक सत्र 2014, 2015 और 2016 के लिए सभी कक्षाओं व सेक्शनों की उपस्थिति रजिस्टर, प्रवेश और निकासी रजिस्टर, विद्यार्थियों को विभिन्न प्रोत्साहन के वितरण का विवरण रजिस्टर, छात्रवृत्ति, वर्दी, स्टेशनरी, बैग और मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) तथा इसके लिए जारी होने वाली राशि एवं विद्यार्थियों की संख्या सहित अन्य जानकारी सीबीआई को स्कूलों के प्रिंसिपल ने दी है।

क्या कहना है जिला शिक्षा अधिकारी का
अभी इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता है। इस मामले में सीबीआई पहले से जांच कर रही है। ये विभाग के अंदर का मामला है।
-अंशु सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी।