Faridabad/Alive News : तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में अटल स्मृति दिवस के अवसर पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य संदीप जोशी, हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और सुशासन पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर संदीप जोशी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई और सुशासन एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। उन्होंने देश को विकास की नई दिशा दी और विश्व मंच पर भारत को सम्मान दिलाया। उसी परंपरा को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ा रहे हैं और अटल जी के विचारों को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा दिला रहे हैं।
हरियाणा के मंत्री राजेश नागर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का व्यक्तित्व अत्यंत विशाल और सागर के समान था। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में शुरू हुई विकास की यात्रा को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पटल पर मजबूती से स्थापित किया है। उन्होंने अटल जी को देश की राजनीति का “मुकुट मणि” बताया।
व्याख्यानमाला में जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पास नेतृत्व की एक सशक्त और सतत परंपरा है, जो आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेगी। इस परंपरा की नींव अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान नेताओं की सीख से मजबूत हुई है। अन्य वक्ताओं ने भी अटल जी के सुशासन, राष्ट्रभक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, नीरा तोमर, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रवीण चौधरी, महामंत्री शोभित अरोड़ा, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र चौधरी, अमित भारद्वाज, गिर्राज त्यागी, सीमा भारद्वाज, राजबाला सरदाना, पार्षद शीशराम अवाना सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शक्ति केंद्र प्रमुख बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

