June 26, 2026

ललित मोदी का सुष्मिता सेन पर बड़ा बयान: बोले- ‘वह आत्मनिर्भर महिला हैं, गोल्ड डिगर कहना बिल्कुल गलत, वो खुद असली हीरा हैं’

ललित मोदी और सुष्मिता सेन की पुरानी वायरल फोटो

Entertainment/Alive News: मनोरंजन डेस्क: बिजनेसमैन और आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने अपनी एक्स-पार्टनर सुष्मिता सेन का खुलकर सपोर्ट किया है। साल 2022 में जब दोनों का रिश्ता सुर्खियों में आया था, तब एक्ट्रेस पर ‘पैसे के लिए रिश्ता रखने वाली’ (गोल्ड डिगर) होने के गंभीर आरोप लगे थे। अब ललित मोदी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सुष्मिता की जमकर तारीफ की है।

‘मैं एक तरह से उनका आश्रित प्रेमी था’
हाल ही में ‘ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे’ के साथ बातचीत में ललित मोदी ने सुष्मिता के साथ अपने पुराने रिश्ते पर बात की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर रोमांस की घोषणा के बाद ऑनलाइन सामने आई नकारात्मक बातों और ट्रोलिंग से उन्हें काफी निराशा हुई थी। सुष्मिता सेन का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, “सुष्मिता एक खूबसूरत, सफल और आत्मनिर्भर महिला हैं, जिन्होंने कभी किसी से पैसों के लिए मदद नहीं ली। उनके पास मेरे जान-पहचान वालों में से लगभग किसी से भी ज़्यादा हीरे हैं और उन्होंने सब कुछ खुद कमाया है। उनके खुद के हीरे के स्टोर भी थे। ऐसा कभी नहीं हुआ कि हम बाहर गए हों और मुझे किसी चीज का भुगतान करना पड़ा हो। उन्होंने हर चीज के पैसे दिए। मैं तो एक तरह से उनका आश्रित प्रेमी था।”

पूर्व मिस यूनिवर्स की तारीफ करते हुए उन्होंने आगे कहा कि वह कभी किसी से कुछ नहीं लेती थीं। इसलिए जब लोग उन्हें लालची कहते थे, तो वह बिल्कुल गलत था। असल में वो ही असली हीरा हैं।

दूरी बनी चुनौती, पर सुष्मिता के साथ बिताईं यादें आज भी खास
ललित मोदी ने सुष्मिता को अपनी लाइफ के सबसे जरूरी लोगों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि सुष्मिता ने उन्हें वो बनने में मदद की जो वो आज हैं। हालांकि बाद में दोनों के बीच की दूरी एक चुनौती बन गई, लेकिन उनके साथ बिताई यादों को वह आज भी संजो कर रखते हैं। ललित मोदी ने सुष्मिता को अपनी एक बहुत प्यारी दोस्त बताते हुए उनकी बेटियों, रेने और अलीशा की सिंगल मदर के रूप में परवरिश करने के फैसले को भी सराहनीय बताया।

सुष्मिता के सामने फ्लाइट में अचानक कर दिया था पोस्ट
ललित मोदी ने खुलासा किया कि उनके रिश्ते की घोषणा करने वाला उनका वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट पूरी तरह से अचानक हुआ था और वह किसी रणनीति का हिस्सा नहीं था। उन्होंने उस घटना को याद करते हुए बताया, “मैंने यह पोस्ट सुष्मिता के सामने ही किया था। उसे लगा ही नहीं था कि मैं सच में इसे पोस्ट कर दूंगा। हम फ्लाइट में किसी बात पर बहस कर रहे थे और उसने कहा, ‘तुम इसे पोस्ट नहीं करोगे।’ मैं हंसा और बटन दबा दिया। जब तक हम फ्लाइट से नीचे उतरे, तब तक इंटरनेट पर हंगामा मच चुका था।”

मोदी ने साफ किया कि उन्हें इस पोस्ट को लेकर कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी कहानी बेहद खूबसूरत थी और मुझे इसका एक पल भी अफसोस नहीं है।