June 26, 2026

सीएम योगी बोले, “हमारी सरकार में मच्छर और माफिया दोनों का हुआ पक्का इलाज”

कुशीनगर में जनसभा को संबोधित करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Kushinagar/Alive News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर जिले को प्रगति की एक नई रफ्तार दी है। सीएम योगी ने जिले में 424 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का भव्य लोकार्पण और शिलान्यास किया। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद तमकुही राज और पावा नगर की पवित्र भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखे प्रहार किए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर एक बड़ा ऐतिहासिक एलान भी किया।

‘फाजिलनगर’ का नाम बदलकर अब होगा ‘पावागढ़’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि फाजिलनगर के विधायक और सांसद की मांग को सरकार ने स्वीकार कर लिया है। सरकार ने इसके नामकरण का आधिकारिक प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सीएम योगी ने कहा कि अब इसे फाजिलनगर नहीं कहा जाएगा, बल्कि भगवान महावीर की पावन स्मृति से जोड़कर ‘पावागढ़’ के रूप में नई आधिकारिक मान्यता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 2022 से पहले तमकुहीराज और फाजिलनगर के नाम पर सिर्फ मसखरेबाजी होती थी, जिसे अब गरिमा दी गई है।

“हमारी सरकार में मच्छर और माफिया दोनों का हुआ पक्का इलाज”
विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में मच्छर और माफिया दोनों का इलाज कर उन्हें जड़ से खत्म कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश से बीमारी भी दूर हुई है और क्राइम भी। उन्होंने पुरानी बदहाली की याद दिलाते हुए कहा, “करीब नौ-दस साल पहले कुशीनगर पहचान के संकट और बीमारी से जूझ रहा था। उस दौर में यहां खनन माफिया, बालू माफिया और ‘जंगल पार्टी’ का भारी आतंक था। इसके अलावा, इंसेफ्लाइटिस (मस्तिष्क ज्वर) जैसी खतरनाक बीमारी यहां के मासूम बच्चों की जान ले रही थी और पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल थी। आज की युवा पीढ़ी उस खौफ और अराजकता को जानती भी नहीं होगी।”

किसानों की दुर्दशा और राम मंदिर को लेकर विपक्ष पर प्रहार
सीएम योगी ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले गन्ने की पर्ची तक नहीं मिलती थी और मिलने पर घटतौली का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज किसान खुशहाल हैं। राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद राम मंदिर नहीं बनने दिया और समाजवादी पार्टी तो घोषित रामद्रोही है। 498 वर्ष पहले एक विदेशी आक्रांता ने जो मंदिर तोड़ा था, उसे डबल इंजन की भाजपा सरकार बनने के बाद ही राम भक्तों के संकल्प के साथ पूरा किया जा सका है।