Faridabad/Alive News: राजा नाहर सिंह के 202वें जन्मदिन के अवसर पर ग्रीन इन्डिया फाउंडेशन ट्रस्ट (गिफ्ट) के सदस्यों ने बल्लभगढ़ के पार्क राजा नाहर सिंह में ‘श्रम संस्कार’ सफाई अभियान चलाया।
गिफ्ट के अध्यक्ष डॉ जगदीश चौधरी ने कहा कि गिफ्ट के सदस्य प्रति सप्ताह एक पार्क या सार्वजनिक स्थल की सफाई करते हैं। यह श्रम संस्कार राष्ट्र सेवा और व्यक्तित्व विकास दोनों ही स्तर पर कल्याणकारी है। जहां एक ओर श्रम संस्कार नागरिक कर्तव्य बोध कराता है। वहीं दूसरी ओर विकसित भारत की दिशा में भी लेकर जाता है।

चौधरी ने कहा कि बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह और जगदीशपुर के वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेज़ों से लडाई अपने राज्य को बचाने के लिए नहीं, अपितु देश को अंग्रेजों से मुक्त करने के लिए लड़ी थी। आज रामनवमी और पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल की पुण्यतिथि भी है, ये सब संयोग समय को और श्रेष्ठ बनाते हैं। गिफ्ट के श्रम संस्कार कार्यक्रम में ‘दर्जन भर कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया और नाहर सिंह पार्क को साफ किया।
इस अवसर पर रिंकू राठौर, आशीष, पूजा, विशाल सहित कार्यकर्ताओं ने राजा नाहर सिंह को श्रद्धांजलि दी और डॉ एस. एन सुब्बाराव के देश भक्ति गीत गाए और मिशन को आगे ले जाने का संकल्प लिया।