Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ स्थित कुंदन ग्रीन वैली स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में 25 वर्ष पूरे होने पर विद्यालय परिसर में 25 हवन कुंडों के साथ महायज्ञ और मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया। हरिद्वार से आए महंत विष्णु दास जी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इसमें करीब 300 विद्यार्थियों ने आहुति देकर विद्यालय की प्रगति और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, एफपीएससी चेयरमैन नरेंद्र परमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह, वरिष्ठ शिक्षाविद् वी.डी. शर्मा, भाजपा मीडिया संयोजक राजेश कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कुंदन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन भारत भूषण ने अतिथियों का फूलमालाओं और सम्मान पटका भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए रक्तदान किया गया। अतिथियों ने विद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि महायज्ञ के माध्यम से वैदिक परंपराओं को आगे बढ़ाना और रक्तदान के जरिए जरूरतमंदों की मदद करना समाज के लिए प्रेरणादायक है।
विद्यालय की 25 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि संस्थान ने शिक्षा के साथ खेलों के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। विद्यालय सामाजिक सरोकारों और मानव सेवा के कार्यों में भी सक्रिय रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कुंदन ग्रुप ऑफ स्कूल्स की निदेशिका कमल अरोड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि विद्यालय की यह यात्रा विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सहयोग का परिणाम है।

