क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 : आरोपी महिला ने एक अन्य झपटमारी की वारदात का भी किया खुलासा
Faridabad/Alive News: दयालबाग क्षेत्र में महिला का सोने का मंगलसूत्र झपटने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक महिला आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला से 22 हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में उसने सूरजकुंड थाना क्षेत्र में झपटमारी की एक अन्य वारदात का भी खुलासा किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दयालबाग सूरजकुंड निवासी एक महिला ने पुलिस चौकी दयालबाग में शिकायत दी थी कि 10 अक्टूबर को वह दुकान पर नवरात्रों का सामान खरीद रही थी। इसी दौरान दो महिलाओं ने उसे घेर लिया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गईं। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक महिला आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपनी एक अन्य साथी के साथ 10 अक्टूबर की रात इस वारदात को अंजाम दिया था। उसने सूरजकुंड थाना क्षेत्र में झपटमारी की एक अन्य घटना में भी संलिप्तता का खुलासा किया है।
पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

