March 8, 2026

सीपीआर का ज्ञान बचा सकता है जान: सराय ख्वाजा स्कूल में एसपीसी कैडेट्स को दिया गया प्रशिक्षण

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सराय ख्वाजा में आज एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटैशन) देने की प्रक्रिया और हार्ट अटैक से बचाव के तरीके सिखाए गए।

यह कार्यक्रम जिला रेड क्रॉस शाखा फरीदाबाद के सहयोग से स्कूल की जूनियर रेडक्रॉस (जेआरसी), सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड (एसजेएबी) और स्काउट्स गाइड्स की ओर से प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

रेड क्रॉस के प्रशिक्षण मनमोहन शर्मा ने एसपीसी कैडेट्स, जेआरसी और एसजेएबी के छात्रों को बताया कि सीपीआर देने के लिए 7 जरूरी स्टेप्स होते हैं। सबसे पहले घटनास्थल की जांच करें, फिर व्यक्ति की हालत देखें, मदद के लिए कॉल करें, वायुमार्ग खोलें, सांस की जांच करें और यदि व्यक्ति सांस नहीं ले रहा हो तो छाती पर दबाव डालना शुरू करें। इसके बाद दो बार मुंह से सांस दें और फिर छाती पर दबाव देने की प्रक्रिया दोहराएं। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया तब तक जारी रखनी चाहिए जब तक व्यक्ति को होश न आ जाए या मेडिकल मदद न पहुंच जाए।

प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि प्राथमिक उपचार की जानकारी हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी की जान बचा सकता है। उन्होंने सभी छात्रों और वॉलिंटियर्स को डमी पर सीपीआर का अभ्यास करने के लिए कहा ताकि इमरजेंसी के समय वे तुरंत सहायता कर सकें।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य ने अतिथि प्रशिक्षक मनमोहन शर्मा और कार्यक्रम समन्वयक प्राध्यापिका दीपांजलि का धन्यवाद किया और छात्रों के जागरूक प्रयासों की सराहना की।