March 7, 2026

सरकारी विभागों के कंडम सामान व वाहनों की नीलामी कब जानिए

Faridabad/Alive News: जिला फरीदाबाद के विभिन्न सरकारी विभागों के कंडम घोषित सामान एवं वाहनों की खुली बोली के माध्यम से नीलामी आगामी 10 फरवरी 2026 को की जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने दी।

डीसी ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय की छठी मंजिल, कमरा नंबर-603 में आयोजित की जाएगी। इसमें उन सभी सरकारी विभागों के वाहन व सामान शामिल होंगे, जिन्हें जिला कंडमनेशन बोर्ड द्वारा कंडम घोषित किया जा चुका है और जिनकी प्रशासनिक स्वीकृति सरकार से प्राप्त हो चुकी है।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन कार्यालयों के पास कंडम वाहन या सामान नीलामी के लिए प्रस्तावित हैं, वे उसकी प्रशासनिक स्वीकृति, इन्फैक्शन रिपोर्ट, प्रोसीडिंग रिपोर्ट, बिड फार्म सहित सभी आवश्यक दस्तावेज दोहरी प्रति में, इंडेंटिंग अधिकारी के हस्ताक्षर व सील के साथ 27 जनवरी 2026 को प्रातः ग्यारह बजे तक उपायुक्त कार्यालय, कमरा नंबर-212 (द्वितीय तल) में भेजना सुनिश्चित करें।

डीसी आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा तक दस्तावेज जमा न कराने की स्थिति में संबंधित वाहन या सामान को नीलामी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।