March 7, 2026

गाली-गलौज का बदला लेने के लिए चाकू से हमला, सेक्टर-3 से दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गाली-गलौज का बदला लेने के लिए एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी सेक्टर-3 की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-3 निवासी बादल ने पुलिस चौकी में शिकायत दी थी कि 17 दिसंबर को मोनू ने उसे फोन कर वीटा डेयरी के पास पार्किंग में मिलने के लिए बुलाया। बादल अपने दोस्त दक्ष और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। इसी दौरान मोनू ने पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर बादल और उसके दोस्त दक्ष पर चाकू से हमला किया और लात-घूंसे मारे।

घटना के बाद थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने सेक्टर-3 निवासी मोनू (19) और ऋषभ (20) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि कुछ दिन पहले आरोपियों और शिकायतकर्ता के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौच हुई थी। इसी रंजिश के चलते मोनू ने बदला लेने की नीयत से शिकायतकर्ता को मिलने बुलाया और हमला किया। मोनू ड्राई क्लीनिंग का काम करता है, जबकि ऋषभ फोटोग्राफी करता है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से मोनू को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया, जबकि ऋषभ को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।