Faridabad/Alive News: सेवा, सुरक्षा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए थाना खेड़ी पुल पुलिस ने नवरात्रि के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया। इस शिविर में थाना प्रभारी नरेश कुमार, पुलिस स्टाफ और क्षेत्र के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कुल 35 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि यह शिविर पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार के निर्देशन में लगाया गया। उन्होंने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को साल में कम से कम तीन बार रक्तदान करना चाहिए। इससे न केवल मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि रक्तदान करने वाले को भी स्वास्थ्य लाभ मिलता है।
उन्होंने सामाजिक संगठनों और संस्थाओं से अपील की कि समय-समय पर ऐसे रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं ताकि किसी भी मरीज को खून की कमी से परेशानी न झेलनी पड़े।
रक्तदान करने वाले लोगों ने भी समाज सेवा में योगदान देकर गर्व महसूस किया और भविष्य में नियमित रक्तदान करने का संकल्प लिया।

