May 18, 2024

केजरीवाल ने लगाया बड़ा आरोप, दिल्ली में 63 लाख दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चलवाना चाहती है भाजपा सरकार

New Delhi/Alive News : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा शासित नगर निगम पर बहुत बड़ा आरोप लगाया है। भाजपा दिल्ली में लोगों के घर और दुकानें तोड़ रही है, वो सही नहीं है। 63 लाख दुकानों और मकानों पर बुलडोजर चल सकता है। यह आजाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस होगा।

बीते कुछ दिनों से दिल्ली में भाजपा शासित नगर निगम का बुलडोजर चल रहा है। उनका कहना है कि आने वाले कुछ महीनों तक यह अभियान चलाएंगे और दिल्ली से अतिक्रमण हटाएंगे।

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली पिछले 75 सालों में जैसा बसा है वह प्लान्ड तरीके से नहीं बसा। दिल्ली जिस तरह से बनी उसमें 80 प्रतिशत से ज्यादा दिल्ली एन्क्रोच्ड(अतिक्रमण कर बनी) कही जा सकती है। तो प्रश्न उठता है कि क्या 80 प्रतिशत दिल्ली को तोड़ा जाएगा।

जानकारी के अनुसार दूसरा आरोप केजरीवाल ने यह लगाया है कि जिस तरीके से अतिक्रमण को हटाया जा रहा है, न कोई कागज है न किसी को मौका दिया जा रहा है। कहीं भी बुलडोजर ले जाकर मकान व दुकान तोड़ने लगते हैं। लोग अपने कागज लेकर गुहार लगाते रह जाते हैं लेकिन ये किसी की नहीं सुनते। कोई कागज नहीं देखे जा रहे बस बुलडोजर चलाया जा रहा है, ये तो गलत है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इनकी प्लानिंग है कि सभी कच्ची कॉलोनियों को तोड़ा जाएगा। दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों में लगभग 50 लाख लोग रहते हैं। झुग्गियां तोड़ना भी इनका प्लान है जहां लगभग 10 लाख की आबादी रहती है। इसके अलावा ये तीन लाख प्रॉपर्टी की ऐसी लिस्ट बनाई है जिसमें नक्शे से हटकर किसी ने बालकनी बना ली या कोई मामूली निर्माण कर लिया।

1