August 24, 2026

कर्नाटक: जेडीएस विधायक ने कॉलेज प्रिंसिपल को जड़े थप्पड़, वीडियो वायरल

New Delhi/Alive News: कर्नाटक में जेडीएस विधायक एम. श्रीनिवास के आपा खोने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। श्रीनिवास सोमवार को नलवाड़ी कृष्णराजा वाडियार आईटीआई कॉलेज की नई इमारत का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने कॉलेज के प्रिंसिपल नागानंद से कंप्यूटर लैब के डेवलपमेंट के बारे में पूछताछ की, लेकिन वे इसकी सही जानकारी नहीं दे पाए। इससे नाराज विधायक ने प्रिंसिपल को थप्पड़ मार दिया।

विधायक के गुस्से का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद लोगों इस पर नाराजगी जताई है। कई यूजर्स ने प्रिंसिपल को पुलिस में रिपोर्ट करने की सलाह दी, तो कई ने इसे विधायक की गुंडागर्दी बताकर उन पर कार्रवाई की मांग की। वहीं इस घटना पर कर्मचारी संघ ने इमरजेंसी बैठक बुलाई और कहा कि मामले में विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एम. श्रीनिवास अपने बयानों से पहले भी विवाद खड़ा कर चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने 2013 के लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस कैंडिडेट राम्या पर विवादित टिप्पणी की थी। तब श्रीनिवास ने कहा था कि राम्या ये तक नहीं जानतीं कि वो कहां की हैं। मांड्या और यहां के लोगों को क्या समझ पाएगीं।