April 19, 2024

करनाल : प्रॉपर्टी विवाद के चलते पोते ने दादी को मारी गोली

Chandigarh/Alive News : कभी पैसा, कभी प्राप्ति के लिए रिश्तों का कत्ल जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक मामला गांव समचाना से सामने आया है। यहां प्रॉपर्टी विवाद के चलते पोते ने अपने 85 वर्षीय दादी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। सांपला पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बेटे के बयान पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

मिली जानकारी के अनुसार समचाना गांव निवासी फूल कंवार ने दी शिकायत में बताया कि वे 5 भाई और 6 बहनें है। उसके भाई जयसिंह व दो बहनों की मौत हो चुकी है। दो भाई का परिवार दिल्ली के नरेला में रहता है। उनकी पुश्तैनी जमीन का बंटवारा हो चुका है। एक प्लॉट बकाया रहता है, जिसके बंटवारे को लेकर शुक्रवार शाम को करीब साढ़े 7 बजे भाई जयसिंह का लड़का राज सिंह उर्फ राजू घर आया था। घर पर वह और उसका लड़का रोहित थे। 

मिली जानकारी के अनुसार राज सिंह चमेली देवी से बात कर रहा था। इस पर मां ने कहा कि बैठकर बात कर लेंगे। मां के इतना कहने के बाद राज सिंह ने पिस्तौल निकालकर सिर में गोली मार दी, जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि जाते समय राज सिंह धमकी देकर गया है कि उसका हिस्सा दे देना, नहीं तो तेरे को भी देख लूंगा। पुलिस ने आरोपी राज सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 

जानकारी के मुताबिक हत्या की सूचना पाकर सांपला पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ छानबीन की। शव को जांच पड़ताल कर पीजीआई में भेजा गया। 

दो सप्ताह पहले विजय नगर में प्रॉपर्टी डीलर के परिवार के चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के बेटे अभिषेक को उसके माता-पिता, बहन व नानी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था, जो अब न्यायिक हिरासत के चलते सुनारिया जेल में है।